गोरखपुर में पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी की लाइसेंसी रिवाल्वर चोरी, प्राथमिकी दर्ज

गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र में दिवंगत पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी की पैतृक आवास से गायब हुई 32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर के संबंध में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। उनके बड़े बेटे मृगेंद्र राम त्रिपाठी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार साल तक की गई तलाश
मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि उनके पिता के नाम पर तत्कालीन जिलाधिकारी गोरखपुर द्वारा 32 बोर की रिवाल्वर का शस्त्र लाइसेंस (नंबर एफजी-13966/32) जारी किया गया था। पूर्व सांसद का निधन 30 जून 2021 को हो गया था। इसके बाद जब परिजनों ने उनके निजी सामान और दस्तावेजों की छानबीन की, तो शस्त्र लाइसेंस की मूल पुस्तिका तो मिल गई, लेकिन उस पर दर्ज रिवाल्वर गायब थी।
परिवार के सदस्यों ने घर, अलमारी, बैंक लॉकर और परिचित गन हाउस तक में पिछले चार वर्षों तक रिवाल्वर की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दुरुपयोग की आशंका और पुलिस कार्रवाई
परिजनों ने आशंका जताई है कि रिवाल्वर किसी असामाजिक तत्व के हाथ लगने पर उसका दुरुपयोग किया जा सकता है। इसी आशंका के चलते पुलिस से औपचारिक कार्रवाई की मांग की गई थी।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि खजनी पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।